एच-1 इण्डिया प्रा.लि. के कर्मचारियों ने मनमानी के खिलाफ लिया आन्दोलन का निर्णय
Date posted: 5 June 2019
ग्रेटर नोएडा: मैसर्स- एच-1 इण्डिया प्रा0लि0 प्लाट नं0-12 उद्योग विहार, ग्रेटर नोएडा के प्रबन्धकों द्वारा कर्मचारियों के साथ की जा रही मनमानी एवं उत्पीड़न के खिलाफ सूरजपुर पार्क ग्रेटर नोएडा में एच-1 इम्पलाईज यूनियन सम्बद्ध सी.आई.टी.यू. के अध्यक्ष राकेश भटट की अध्यक्षता में आम सभा हुई। आम सभा को सीटू दिल्ली एनसीआर राज्य महासचिव अनुराग सक्सेना, सीटू जिलाध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा, महासचिव रामसागर, यूनियन के पदाधिकारी प्रवीण कुमार यादव, विक्रेश शुक्ला, सोनू एन्थनी, टंकेश्वर गोहिल, परीक्षित सिंह आदि ने सम्बोधित किया।
सभा में यूनियन को सम्बोधित करते हुए सीटू जिला महासचिव रामसागर ने बताया कि उक्त उद्योग में मान्यता प्राप्त रजिस्टर्ड यूनियन है। यूनियन के पदाधिकारी लगातार संस्थान के श्रम कानूनों को लागू करवाने और मजदूरों के हक अधिकारों के लिये आवाज उठाते रहे हैं। इसी रंजिश से प्रबन्धकों ने श्रमिक नेताओं पर झूठे आरोप लगाकर घरेलू जांच के नाम पर सेवा सम्पत्ति का षडयन्त्र कर रहे हैं। उन्होंने सभा के सामने प्रस्ताव रखा कि यदि सेवायोजक यूनियन पदाधिकारियों की सेवा समाप्त करने का नोटिस जारी करता है तो उसके अगले दिन से ही कर्मचारी संस्थान में काली पट्टी बांधकर उत्पादन कार्य करने के साथ-साथ कम्पनी गेट पर धरना प्रदर्शन भी करेंगे और उक्त के 15 दिन वाद कर्मचारी कार्य का सम्पूर्ण बहिष्कार कर हड़ताल पर चले जायेंगे। उक्त प्रस्ताव का सभा में मौजूद सभी कर्मचारियों से हाथ उठाकर समर्थन किया।
सभा को सम्बोधित करते हुए सीटू नेता अनुराग सक्सेना व गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि सीटू कर्मचारियों का उत्पीड़न नहीं होने देगी और कर्मचारियों का आन्दोलन को हर तरह की मदद व सहयोग दिया जायेगा।
Facebook Comments