उत्तर पूर्वी संसदीय क्षेत्र को मिलेगा दो नये केन्द्रीय विद्यालयों को तोहफा
Date posted: 6 June 2019
नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी आज केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक से मिलकर उन्हें केन्द्रीय मंत्री बनने पर हार्दिक शुभकामनायें दीं और उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के लिए दो नये केन्द्रीय विद्यालय मंजूर करवाये। जिससे शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन आयेगा। इस मुलाकात में मीडिया सह-प्रभारी नीलकांत बक्शी, मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा, सुशासन तथा केन्द्र-राज्य शासकीय कार्यक्रम समन्वय विभाग प्रमुख शैलेन्द्र सिंह मोंटी उनके साथ थे।
मनोज तिवारी ने बताया कि मेरे संसदीय क्षेत्र में पहला केन्द्रीय विद्यालय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने के बाद खोला गया। पूर्व शिक्षा मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी के कार्यकाल में पहला केन्द्रीय विद्यालय शाहदरा में मंजूर किया गया जिसके भवन निर्माण का कार्य चल रहा है। इस केन्द्रीय विद्यालय की कक्षायें भी खिचड़ीपुर के केन्द्रीय विद्यालय में लगाई जा रही हैं लेकिन हमें उम्मीद है कि यहां पर जल्द ही यहां पर शैक्षणिक सत्र शुरू हो जायेगा।
तिवारी ने बताया कि खजूरी खास और बुराड़ी क्षेत्र को दो नये केन्द्रीय विद्यालय का तोहफा मिल गया है। इसके भवन के लिए जमीन आबंटन की मंजूरी मिल गई है। हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द भवन निर्माण का कार्य पूरा हो जाये जिससे क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के स्कूलों में शिक्षा का स्तर काफी गिरा हुआ है, कहीं पर खुले आसमान में कक्षायें चल रही हैं तो कहीं पर एक ही भवन में एक साथ दोनों पारी के बच्चे पढ़ने के लिए मजबूर हैं। ऐसी हालत में केन्द्रीय विद्यालय की भूमिका बहुत अहम साबित होगी।
Facebook Comments