November 09, 2026 | 21:49:43
वाराणसी: भारत रत्न और मशहूर शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पुश्तैनी मकान के एक हिस्से को गिराए जाने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और उसके सहयोगी कला और कलाकारों के हमेशा खिलाफ रहे हैं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मकान के एक हिस्से को गिराए जाने का वीडियो साझा करते हुए लिखा, "जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद करना?" उन्होंने बीजेपी पर संकीर्ण मानसिकता रखने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि भारत रत्न से सम्मानित महान कलाकार की साझा विरासत को नुकसान पहुंचाना देश के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने जैसा है।
अखिलेश यादव ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की सांगीतिक विरासत को सुरक्षित रखने के लिए वहां 'श्रवण संग्रहालय' बनाया जाएगा। उन्होंने इस पूरे मामले को बेहद निंदनीय बताया और बीजेपी पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया।
दूसरी तरफ वाराणसी नगर निगम और विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने मकान गिराए जाने में सरकारी भूमिका से इनकार किया है। अधिकारियों के मुताबिक मकान काफी पुराना और जर्जर हो चुका था। परिवार के सदस्यों ने अपनी सहमति से इसके पुनर्निर्माण का फैसला लिया है।
बिस्मिल्लाह खान के पौत्र मोहम्मद सिब्तैन ने भी स्पष्ट किया कि मकान का पुनर्निर्माण परिवार की सहमति से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निर्माण पूरा होने के बाद यहां उस्ताद बिस्मिल्लाह खान से जुड़ी यादों और संगीत विरासत को संरक्षित करने के लिए संग्रहालय बनाया जाएगा।
फिलहाल इस मामले ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। जहां अखिलेश यादव ने इसे सांस्कृतिक विरासत का मुद्दा बनाया है, वहीं प्रशासन और परिवार ने इसे निजी पुनर्निर्माण का मामला बताया है