November 16, 2026 | 05:40:44
आगरा: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा के जीआईसी मैदान में आयोजित दलित सम्मेलन के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने आगरा से PDA आंदोलन की शुरुआत का ऐलान किया। उन्होंने PDA का नया नारा देते हुए कहा कि PDA यानी 'पलट देंगे अखिलेश, पलट देंगे आगरा वाले'। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के पिछले दस वर्षों में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था कमजोर हुई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 26 हजार प्राथमिक स्कूल बंद किए गए हैं। उन्होंने सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
दलित समाज के मुद्दे को उठाते हुए सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में दलितों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं अधिक हैं। उन्होंने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं का भी जिक्र किया।
अखिलेश यादव ने युवाओं और छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और आरक्षण को लेकर भी अपनी बात रखी।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि PDA समाज को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए एकजुट होना होगा। उन्होंने बीजेपी पर सामाजिक न्याय के मुद्दे पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
आगरा के इस सम्मेलन के जरिए अखिलेश यादव ने दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग को एक साथ जोड़ने का संदेश दिया। अब देखना होगा कि PDA आंदोलन का आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की राजनीति पर क्या असर पड़ता है।