November 16, 2026 | 05:40:46
माउंट माउंगानुई: भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को उसी की धरती पर पांचवें और आखिरी वनडे मुकाबले में 22 रन से हराकर पांच मैचों की ODI सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। रविवार को खेले गए इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हारी हुई बाजी पलट दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 42.1 ओवर में 209 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से अक्षर पटेल और ईशान किशन ने 46-46 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। न्यूजीलैंड की तरफ से मिचेल सेंटनर और जैकब डफी ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही। टीम एक समय 64 रन पर सिर्फ एक विकेट गंवाकर मजबूत स्थिति में थी। लेकिन इसके बाद भारतीय तेज गेंदबाजों ने मैच का रुख बदल दिया।
अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 30 रन देकर तीन विकेट झटके। मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने भी दो-दो विकेट हासिल किए। भारतीय गेंदबाजों के सामने न्यूजीलैंड की पूरी टीम 48.1 ओवर में 187 रन पर सिमट गई।
इस तरह भारत ने मुकाबला 22 रन से जीत लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए अर्शदीप सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की वनडे सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। खास बात यह रही कि भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के घरेलू मैदान पर लगातार 11 वनडे सीरीज जीतने के सिलसिले को भी समाप्त कर दिया।