November 16, 2026 | 05:40:43
नई दिल्ली: भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भारतीय रेलवे ने उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से दोनों देशों के श्रद्धालुओं और यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे के मुताबिक, यह ट्रेन लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसका सफर अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम तक होगा। खास बात यह है कि दोनों धार्मिक स्थल रामायण परंपरा से जुड़े हुए हैं। जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली और अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मस्थली माना जाता है।
कहां-कहां होगा ट्रेन का स्टॉपेज?
इस ट्रेन के रास्ते में बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख स्टेशन शामिल किए गए हैं। रेलवे के अनुसार, इसके 10 व्यावसायिक ठहराव होंगे।
जयनगर
मधुबनी
शिशो
सीतामढ़ी
रक्सौल
नरकटियागंज
गोरखपुर
बस्ती
मनकापुर
अयोध्या धाम
हफ्ते में एक दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे की मंजूरी के अनुसार, यह ट्रेन सप्ताह में एक बार चलेगी। जनकपुर धाम से ट्रेन शनिवार को और अयोध्या कैंट से सोमवार को रवाना होगी। हालांकि, यात्रियों के लिए विस्तृत समय-सारणी, किराया और नियमित व्यावसायिक संचालन की तारीख की घोषणा अभी बाकी है।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
इस रेल सेवा से अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच धार्मिक यात्रा आसान होने की उम्मीद है। रामायण सर्किट से जुड़े पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है। इसके अलावा बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, होटल व्यवसाय और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है।
भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को मजबूत करने में यह ट्रेन सेवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।