November 15, 2026 | 05:38:58
मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिहाज से आज 14 नवंबर का दिन खास रहने वाला है। मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को हापुड़ और मेरठ के दौरे पर रहेंगे। सबसे पहले वह गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री मेरठ कैंट स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होंगे। यहां पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री प्रदेश के आठ जिलों में पूर्व सैनिक कल्याण निगम के जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे।
वहीं दूसरी ओर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी मेरठ के नौचंदी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। ओवैसी की इस रैली को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि AIMIM और आजाद समाज पार्टी के बीच हाल ही में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के नाम से गठबंधन का ऐलान हुआ है। रैली में आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों के भी मंच साझा करने की संभावना है।
एक ही दिन मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम होने से पश्चिमी यूपी की राजनीतिक गतिविधियां चर्चा में हैं। अब सभी की नजरें दोनों कार्यक्रमों में दिए जाने वाले राजनीतिक संदेशों पर टिकी हैं।