November 17, 2026 | 05:46:23
नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में बन रहा गहरा अवदाब अब चक्रवाती तूफान में बदलने की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए प्री-साइक्लोन वॉच जारी की है। इस संभावित तूफान को 'अकवान' नाम दिया जाएगा।
मौसम विभाग के 16 नवंबर के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की संभावना जताई गई है।
20 नवंबर को तट से टकराने की आशंका
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, यह तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 19 नवंबर की रात तक आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंच सकता है। इसके 20 नवंबर को दोपहर तक नेल्लोर और तुनी के बीच आंध्र प्रदेश एवं यानम तट को पार करने की संभावना है।
145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
तूफान के तट पार करने के दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की आशंका है। वहीं, हवा के झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। इसके कारण तटीय इलाकों में भारी बारिश, जलभराव और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह
प्रशासन को संवेदनशील इलाकों में जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने और समुद्र में मौजूद लोगों को सुरक्षित वापस लौटने की सलाह दी गई है। लोगों से मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।