गरीबों के आशियानों पर नहीं बल्कि गुंडों पर बुल्डोजर चलाया गया है: स्वतंत्र देव

लखनऊ:  भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने गुरूवार को हापुड़ जिले की गढ़मुक्तेश्वर एवं धौलाना विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। कहा कि यह चुनाव जात-पात, वंशवाद, क्षेत्र या गोत्रवाद को बढ़ावा देने का नहीं, प्रदेश के विकास का चुनाव है। मुख्यमंत्री योगी के शासन में गरीबों के आशियानों पर नहीं बल्कि गुंडों पर बुल्डोजर चलाया गया है।
श्री सिंह ने गढ़मुक्तेश्वर में बोलते हुए कहा कि महापुरुषों ने देश का निर्माण किया है, देश का सम्मान बनाए रखने के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। जात-पात, वंशवाद के नाम पर मतदान नहीं होता, देश के नाम पर मतदान होता है। जनता द्वारा निष्पक्ष होकर किए गए मतदान और महापुरुषों को सम्मान देते हुए भाजपा ने धारा 370, 35ए हटाई, राम मंदिर का निर्माण कराया है। कहा कि पहले की सरकारों में बिजली के तारों में नहीं, करंट बिजली के बिल में आता था। लेकिन भाजपा ने किसानों को सम्मान दिया है। गरीबों को आवास, बिजली, एलपीजी समेत कोविड संक्रमण के दौर में निशुल्क भोजन भाजपा की कुछ छोटी उपलब्धियां हैं।

इसके बाद धौलाना में हुई सभा में बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों में गुंडों, माफियाओं, अपराधियों को संरक्षण मिलता था। महिलाएं सुरक्षित नहीं थी। घरों के बाहर से वाहन और खेतों से ट्रेक्टर तक चोरी हो जाते थे, लेकिन अब कोई खेत से किसान का एक तिनका चोरी नहीं कर सकता। पहले कहावत थी कि सरकार से चले 90 रुपये गांव तक आते आते 90 पैसे रह जाते थे, लेकिन मोदी-योगी ने इसे बदल कर रख दिया। अब लाभार्थी और किसानों के खाते में पूरा पैसा सरकार से आता है। सपा सरकार ने कांवड यात्रा, डीजे बंद कराए, लेकिन योगी सरकार ने शिवभक्तों की आस्था का सम्मान किया और कांवड यात्रा पर पुष्पवर्षा कराई। उन्होंने सभी ग्रामीणों से हरेंद्र तेवतिया के पक्ष में मतदान करते हुए प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।

उन्होने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें बूथ अध्यक्ष भी प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है, क्योंकि इसमें कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाता है। कार्यकर्ताओं के मजबूत कंधों पर ही यह पार्टी टिकी है। इन्हीं के दम पर भारत विश्व गुरु बनने जा रहा है। उन्होंने विकास, सुरक्षा, सम्मान, राम मंदिर, कश्मीर, राष्ट्रवाद को मुद्दा बनाते हुए कमल खिलाने की जोरदार अपील की।

Facebook Comments