प्रदेश में सड़कों का बिछाया जा रहा है जाल

लखनऊ: उ.प्र. में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कुशल दिशा-निर्देशन में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। ग्रामीण जनता को अपने गन्तव्य स्थल तक आसानी से पहुँचने व अपने उत्पाद को बाजार तक ले जाने के लिए सड़कों व पुलों के माध्यम से और सुविधा हो सके, इसके लिए सरकार पूरी गम्भीरता के साथ निर्माण कार्यों को अमली जामा पहनाने का कार्य कर रही है। इसके साथ ही गड्ढ़ामुक्त अभियान निरन्तर चलाया जा रहा है।

इस वित्तीय वर्ष में लोक निर्माण विभाग के लिए पर्याप्त धनराशि का प्राविधान किया गया है। अन्य राज्यों व नेपाल सीमा को जोड़ने वाली सड़कों, परियोजनाओं में तेजी लायी गयी है।इसके अतिरिक्त व्यापारिक महत्व की सड़कों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
पहले से बनी सड़कों के मेन्टीनेन्स के लिए 3522 करोड़ रुपये का प्राविधान किया गया है। पुलों के रखरखाव एवं निर्माण हेतु 2100 करोड़ की व्यवस्था की गयी है। ग्रामों और बसावटों को पक्के सम्पर्क मार्गों से लिंक करने के लिए 850 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गयी है। उत्तर प्रदेश को बिहार, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, झारखण्ड और उत्तराखण्ड से जोड़ने वाली सड़कों पर भी विशेष जोर रहेगा। सम्बन्धित अभियन्ताओं को सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता तथा समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये है।

Facebook Comments