August 30, 2026 | 12:07:11
पटना: टी.पी.एस. कॉलेज, पटना के वनस्पति विज्ञान विभाग एवं जैव विविधता क्लब के तत्वावधान में शोधार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। भ्रमण का उद्देश्य शोधार्थियों को जैव विविधता, पादप प्रजातियों की विविधता एवं उनके संरक्षण के व्यावहारिक पक्ष से अवगत कराना था।
शैक्षणिक भ्रमण का नेतृत्व वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विनय भूषण कुमार एवं दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के डॉ. गजेंद्र प्रताप खरवार ने किया। भ्रमण के दौरान शोधार्थियों को विभिन्न पादप प्रजातियों की पहचान, उनके पर्यावास तथा जैव विविधता संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई।
शोधार्थियों ने कुम्हरार, अटल पथ, गंगा तट एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर वहां की वनस्पतियों का अवलोकन किया। इस दौरान शोधार्थियों ने अपने शोध एवं अध्ययन के लिए लगभग 65 प्रकार की पादप प्रजातियों का संग्रह किया। भ्रमण के माध्यम से शोधार्थियों को क्षेत्रीय स्तर पर जैव विविधता के अध्ययन एवं संरक्षण की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) तपन कुमार शांडिल्य ने कहा कि जीवन के संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन के लिए जैव विविधता का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शोधार्थियों से जैव विविधता के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में पर्यावरणीय चेतना विकसित करने का आह्वान किया।
शैक्षणिक भ्रमण में शोधार्थी अरविंद राजीव, सिमरन, कृति एवं आरिका सहित वनस्पति विज्ञान विभाग के अन्य शोधार्थियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की।