August 03, 2026 | 03:27:43
Sim Tool Hacks and Tricks: आज के दौर में जब भी हम कोई नया स्मार्टफोन खरीदते हैं, तो हमारी पूरी नजर उसके चमचमाते डिस्प्ले, कैमरे और फास्ट चार्जर पर होती है. लेकिन क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि फोन के बॉक्स में एक छोटी, पतली और मेटल की पिन भी छिपी होती है? जिसे सिम इजेक्टर टूल कहते हैं. ज्यादातर लोग इसका इस्तेमाल सिर्फ सिम कार्ड ट्रे को बाहर निकालने के लिए करते हैं और इसके बाद इसे वापस बॉक्स में रख देते हैं या कहीं खो देते हैं.
लेकिन क्या आप जानते हैं कि मजबूत मेटल से बनी यह छोटी सी पिन आपके कई जरूरी कामों को आसान बना सकती है? आइए जानते हैं इस छोटी सी पिन के कुछ ऐसे कमाल के इस्तेमाल, जो बहुत कम लोग जानते हैं:
अगर आपका वाई-फाई राउटर काम नहीं कर रहा है या इंटरनेट में बार-बार समस्या आ रही है, तो यह पिन बहुत काम आ सकता है. करीब सभी राउटर्स के पीछे एक छोटा सा रीसेट बटन होता है, जो बॉडी से अंदर धंसा होता है. इस पिन को उस छेद में डालकर 10 सेकंड तक दबाकर रखने से राउटर फैक्टरी सेटिंग्स पर रीसेट हो जाता है. इस बात का ध्यान रखें कि वाई-फाई राउटर को रीसेट करने से आपका सेव किया हुआ नेटवर्क पासवर्ड हट जाएगा और आपको इसे दोबारा सेट करना होगा.
ज्यादातर वायरलेस ईयरबड्स और उनके चार्जिंग केस में एक छोटा सा हिडन रीसेट बटन होता है. जब ईयरबड्स को फोन से कनेक्ट करने में समस्या आ रही हो, तो आप इस नुकीली पिन की सहायता से उस बटन को दबाकर ईयरबड्स को रीसेट या फिर से पेयर कर सकते हैं.
सिर्फ राउटर या ईयरबड्स ही नहीं, बल्कि कई टैबलेट्स, पोर्टेबल गैजेट्स और नेटवर्किंग डिवाइसेज में भी ऐसे रीसेट बटन होते हैं जिन्हें उंगली से नहीं दबाया जा सकता. ऐसी जगहों पर यह सिम पिन एक परफेक्ट टूल का काम करती है.
अगर आपके पास कटर या कैंची नहीं है और आपको कोई कूरियर या पार्सल खोलना है, तो सिम इजेक्टर पिन का नुकीला हिस्सा काम आ सकता है. इसकी सहायता से आप पैकेजिंग टेप, प्लास्टिक रैपिंग या किसी बोतल की सील को आसानी से हटा सकते हैं. बस इसका इस्तेमाल करते समय थोड़ा ध्यान रखें ताकि चोट न लगे.
मजबूत मेटल की बनी होने के कारण यह पिन इमरजेंसी में छोटे-मोटे पेचकस का काम भी कर सकती है. इसकी मदद से आप बहुत छोटे स्क्रू को ढीला कर सकते हैं, किसी बेहद छोटी चीज को ऊपर उठा सकते हैं या अपनी जगह से खिसका सकते हैं.
इस पिन की उपयोगिता को देखते हुए कई लोग इसे अपने घर की चाबियों के साथ भी लगाकर रखते हैं, जिससे जरूरत पड़ने पर यह तुरंत मिल सके.