August 16, 2026 | 19:01:55
वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। घटना में एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ निवासी एक यात्री अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1810 से मुंबई जाने वाला था। यात्री ने अपने लाइसेंसी हथियार की जानकारी पहले ही अधिकारियों को दे दी थी। सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान हथियार और उसके कागजात की जांच की जा रही थी, तभी अचानक फायर हो गया।
गोली फर्श से टकराने के बाद पास मौजूद दो कर्मचारियों को लगी। एक महिला कर्मचारी के पैर में चोट आई, जबकि दूसरे कर्मचारी को हाथ में चोट लगी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं कि हथियार की जांच के दौरान गोली किन परिस्थितियों में चली।