November 10, 2026 | 21:50:57
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो अयोध्या को 'सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी' बनाया जाएगा।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि अयोध्या में विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी और राम मंदिर की व्यवस्था में पारदर्शिता लाई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि मंदिर से जुड़ी कथित चोरी की घटना के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है, जिसका असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ा है।
सपा प्रमुख ने अयोध्या में जमीन के सौदों और सर्किल रेट से जुड़े कथित घोटालों की जांच कराने का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर अयोध्या को बाहरी ठेकेदारों से मुक्त कराया जाएगा और कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
अखिलेश यादव ने गरीबों के लिए राशन व्यवस्था में तेल और घी देने की घोषणा भी की। इसके अलावा उन्होंने अयोध्या में पारंपरिक नौकायन को बढ़ावा देने की बात कही, जिससे स्थानीय नाविकों को रोजगार और आर्थिक लाभ मिल सके।
अखिलेश ने धार्मिक आस्थाओं और महापुरुषों के सम्मान को लेकर भी अपनी बात रखी। उनके इन ऐलानों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या और राम मंदिर से जुड़े मुद्दों पर समाजवादी पार्टी की राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करने वाले हैं।