November 10, 2026 | 21:50:56

लखनऊ के प्रभु प्लाजा में लगी भीषण आग! धुएं से घिरी तीन मंजिला इमारत

10 Nov 2026
लखनऊ के प्रभु प्लाजा में लगी भीषण आग! धुएं से घिरी तीन मंजिला इमारत

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकासनगर इलाके में सोमवार दोपहर एक शॉपिंग प्लाजा में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। टेढ़ी पुलिया सब्जी मंडी के सामने स्थित तीन मंजिला प्रभु प्लाजा में लगी आग देखते ही देखते इमारत की दूसरी मंजिल तक पहुंच गई। आसमान में धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा। जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 3 बजे प्लाजा के ग्राउंड फ्लोर से धुआं उठना शुरू हुआ। इसके बाद आग ने कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि त्योहार के चलते बाजार बंद था, जिससे घटना के समय इमारत में लोगों की मौजूदगी कम थी।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए चार से पांच दमकल गाड़ियों को लगाया गया। दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के मकानों को भी खाली कराया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल के मुताबिक, आग की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जानकारी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

प्रभु प्लाजा में कई दुकानें, डायग्नोस्टिक सेंटर और कैफे संचालित होते हैं। आग से दुकानों में रखे सामान को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल प्रशासन आग से हुए नुकसान का आकलन करने में जुटा है।

इस घटना के बाद एक बार फिर बाजारों और व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement