November 22, 2026 | 20:50:49
ईटानगर, 22 नवंबर 2026। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय अरुणाचल प्रदेश दौरे के अंतिम दिन रविवार को ईटानगर में आयोजित सहकारिता सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान अमित शाह ने 'अरुणाचल प्रदेश सहकारिता विजन 2047' का अनावरण किया और सहकारी समितियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सेना और ITBP को स्थानीय किसानों से सीधे कृषि उत्पाद खरीदने की सलाह दी गई है।
अमित शाह ने कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर राज्यों में हो रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया। इस दौरान शिक्षा, बिजली, ग्रामीण सड़क और सीमावर्ती गांवों के विकास से जुड़ी कुल 5,610.95 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं की शुरुआत का कार्यक्रम रखा गया।
इनमें मिशन शिक्षित अरुणाचल का दूसरा चरण, बिजली विकास कार्यक्रम और ग्रामीण सड़क विकास योजना शामिल हैं।अमित शाह ने स्थानीय उद्यमियों, किसानों और मछली पालकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने होलोंगी में एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन के परिसर का उद्घाटन करने का कार्यक्रम भी रखा है।
अमित शाह का यह दौरा अरुणाचल प्रदेश में सहकारिता, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।