November 22, 2026 | 20:48:52
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध माघ मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। गंगा और यमुना के संगम तट पर मेले को लेकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए इस बार कुल 9 पांटून पुल बनाए जा रहे हैं। मेले की खास बात यह है कि इस बार पांटून पुलों के पीपों को भगवा रंग में रंगा जा रहा है। दारागंज के दशाश्वमेध घाट के पास मजदूर और मशीनें निर्माण कार्य में जुटी हुई हैं। अरैल क्षेत्र की ओर भी दो नए पांटून पुल बनाए जाएंगे।
प्रशासन का लक्ष्य है कि संगम स्नान के दौरान श्रद्धालुओं, साधु-संतों और कल्पवासियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है। माघ मेले के लिए इस बार मेला क्षेत्र का विस्तार भी प्रस्तावित है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात और पार्किंग का विशेष प्लान तैयार किया जा रहा है।
प्रशासन की कोशिश है कि समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा सकें और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकें।