November 22, 2026 | 20:50:47
नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार, 22 नवंबर को दो दिवसीय आधिकारिक भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही यह यात्रा भारत और नेपाल के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बालेंद्र शाह मार्च 2026 में प्रधानमंत्री बनने के बाद अपनी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा पर भारत आए हैं। उनके साथ 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत पहुंचा है, जिसमें नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खानाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। वहीं, 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है।
इस बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा, परिवहन, सीमा पार संपर्क और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
इसके अलावा, दोनों देशों के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास को लेकर कई समझौतों और सहमति पत्रों का आदान-प्रदान भी प्रस्तावित है।
इस यात्रा के दौरान ऊर्जा और कनेक्टिविटी से जुड़ी पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने की भी योजना है।
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह नेपाल-भारत बिजनेस फोरम में भी हिस्सा लेंगे, जहां भारतीय उद्योगपतियों के साथ निवेश और व्यापारिक संभावनाओं पर चर्चा होगी।
भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध रहे हैं। ऐसे में बालेंद्र शाह का यह दौरा दोनों पड़ोसी देशों के रिश्तों को नई दिशा देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।