August 06, 2026 | 02:58:49
लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह जी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल सहित काशी, गोरखपुर, पश्चिम व बृज क्षेत्र के सांसदों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद स्थापित कर कोरोना संक्रमण की महामारी के खिलाफ जारी लड़ाई में पार्टी द्वारा चलाये जा रहे सेवा अभियान की समीक्षा की।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कोरोना के खिलाफ लड़ाई के लिए किए गए पंच आग्रह को अपना कर्तव्य मानकर उत्तर प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ता सेवा कार्य कर रहे है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि अभी तक लगभग साढ़े छः करोड़ लोगों ने आरोग्य सेतु एप डाउनलोड किये हैं लेकिन कोरोना को हराने के लिए कम से कम 30 करोड़ लोगों के स्मार्टफोन में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड होना चाहिए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों व पार्टी पदाधिकारियों को आम जनमानस सहित हर पार्टी कार्यकर्ताओं को आरोग्य सेतु एप अपने मोबाइल पर इंस्टॉल करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
साथ ही ये सभी लोग अपने संपर्क के 40 अन्य लोगो को भी आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करते हुए एप डाउनलोड कराए। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के सांसदों से कहा कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाते हुए पार्टी द्वारा तय सेवा अभियान को चलाने के साथ- साथ शासन-प्रशासन के अधिकारियों से भी समन्वय स्थापित कर हर गरीब -जरूरतमंद की मदद के लिए आगे आकर अपनी भूमिका का निर्वहन करें। नड्डा ने जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं का आवाहन करते हुए कहा कि देश के नागरिकों ने लॉकडाउन के समय जो संयम, धैर्य, साहस और सेवा भाव का परिचय दिया है, वह अपने आप में अभूतपूर्व है लेकिन हमें अभी लंबा रास्ता तय करना बाकी है। कोरोना को हराने के लिए जारी जग में पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिमेदारी को समझते हुए “नर सेवा नारायण सेवा है“ को मूल मंत्र मानकर समाज का अंतिम व्यक्ति भी भूखा न रह जाये, उस तक हर सहायता पहुँचे इसी संकल्प के साथ कार्य करना होगा।