November 07, 2026 | 21:47:02
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार और रविवार को दो दिवसीय अयोध्या दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री दसवें दीपोत्सव के भव्य आयोजन में शामिल होने के साथ दीपावली के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। शनिवार को मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पर आयोजित दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। इससे पहले वह श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और रामकथा पार्क में आयोजित शोभायात्रा एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। रामकथा पार्क में भगवान श्रीराम और माता सीता के प्रतीकात्मक राज्याभिषेक का कार्यक्रम आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री संत-महात्माओं का सम्मान भी करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री नया घाट पर मां सरयू की आरती में शामिल होंगे। शाम को राम की पैड़ी पर दीपोत्सव का मुख्य आयोजन होगा, जहां दीप प्रज्ज्वलन के साथ लेजर शो, थ्री-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और ड्रोन शो आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
मुख्यमंत्री भारतीय और अंतरराष्ट्रीय रामलीलाओं के मंचन का भी अवलोकन करेंगे। शनिवार रात मुख्यमंत्री का अयोध्या में रात्रि विश्राम प्रस्तावित है।
रविवार, 8 नवंबर को दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह निषाद बस्ती में दीपावली मिलन कार्यक्रम में शामिल होंगे और विभिन्न संतों एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रमुखों से मुलाकात करेंगे।
मुख्यमंत्री का कारसेवकपुरम में संतों के साथ बैठक और मुलाकात का कार्यक्रम भी निर्धारित है। इसके बाद वह राम की पैड़ी में आयोजित पंचायत आजतक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर अयोध्या से रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के दो दिवसीय दौरे को लेकर अयोध्या में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। दीपोत्सव और दीपावली के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट है।